आउटपुट डिवाइस क्या है? इसके कार्य एवं प्रकार

कंप्यूटर सिस्टम में मुख्यतः दो प्रकार के बाहरी उपकरण मौजूद होते हैं जिन्हें इनपुट डिवाइस और आउटपुट डिवाइस कहा जाता है। इस लेख के माध्यम से हम जानेंगे कि Output डिवाइस क्या है? और कंप्यूटर में Output डिवाइस का क्या काम होता है?

आउटपुट डिवाइस क्या है? (What is Output Device)

आउटपुट डिवाइस कंप्यूटर के वे हार्डवेयर उपकरण है जिनके द्वारा हमें परिणाम प्राप्त होते हैं। सरल शब्दों में कहें तो इनपुट डिवाइस द्वारा कंप्यूटर को जो निर्देश दिए जाते हैं, कंप्यूटर उन निर्देशों को सीपीयू द्वारा प्रोसेस करता है और आउटपुट डिवाइस की मदद से परिणाम घोषित करता है।

अतः आउटपुट डिवाइस का कार्य कंप्यूटर में दिए गए निर्देशों का परिणाम प्रदर्शित करना यानी आउटपुट देना है। उदाहरण के लिए, कीबोर्ड की सहायता से कंप्यूटर को जो भी निर्देश दिए जाते हैं, कंप्यूटर मॉनिटर का उपयोग करके डिस्प्ले पर प्रदर्शित करता है, इसमें मॉनिटर एक आउटपुट डिवाइस हैं। इसी प्रकार कंप्यूटर के अन्य आउटपुट उपकरणों के जरिये अलग अलग तरह के परिणाम प्राप्त होते हैं।

आउटपुट डिवाइस के 10 उदाहरण

कंप्यूटर के 10 आउटपुट उपकरणों के नाम :

  1. Monitor
  2. Printer
  3. Plotter
  4. Speaker
  5. Projector
  6. Headphone
  7. Video card
  8. Sound card
  9. GPS
  10. Modem usb.

आउटपुट डिवाइस के प्रकार (Types of Output Device)

आउटपुट डिवाइस मुख्य रूप से दो प्रकार के होते है :

  1. Soft-copy Output
  2. Hard-copy Output

1. सॉफ्ट-कॉपी आउटपुट डिवाइस क्या है?

सॉफ्ट कॉपी आउटपुट डिवाइस कंप्यूटर के वे आउटपुट डिवाइस है जिनके द्वारा हमें सॉफ्ट कॉपी प्राप्त होती है, डिजिटल डॉक्यूमेंट फाइल को सॉफ्ट कॉपी कहते हैं। कंप्यूटर में वर्ड प्रोसेसिंग प्रोग्राम, डेटाबेस प्रोग्राम, ऑडियो सिस्टम या प्रेजेंटेशन सॉफ़्टवेयर के माध्यम से सॉफ्ट कॉपी का उपयोग किया जाता है। इसे कभी भी एडिट किया जा सकता है साथ ही इंटरनेट और यूएसबी पेन ड्राइव द्वारा शेयर भी किया जा सकता है।

उदहारण : कंप्यूटर मॉनिटर, प्रोजेक्टर, वीडियो सिस्टम, ऑडियो रिस्पांस सिस्टम, लैपटॉप स्क्रीन आदि कंप्यूटर के सॉफ्ट कॉपी आउटपुट डिवाइस हैं।

2. हार्ड-कॉपी आउटपुट डिवाइस क्या है?

हार्ड कॉपी आउटपुट डिवाइस कंप्यूटर के वे आउटपुट डिवाइस है जिनके द्वारा हमें हार्ड कॉपी मिलती है, कागज पर लिखित या ऐसी चीज़ जिसे हाथों से छुआ और महसूस किया जा सकता है उसे हार्ड कॉपी कहते हैं। कंप्यूटर बंद होने के बाद भी हार्ड कॉपी देखी और पढ़ी जा सकती है।

उदहारण : प्रिंटर, प्लॉटर, लेजर प्रिंटर, डॉट मैट्रिक्स प्रिंटर, इंकजेट प्रिंटर, 3D प्रिंटर आदि कंप्यूटर के हार्ड कॉपी आउटपुट डिवाइस हैं।

आउटपुट डिवाइस के कार्य

आउटपुट उपकरणों का प्रयोग कंप्यूटर व दूसरे डिजिटल उपकरणों में डाटा को उपयोगकर्ता या दूसरे उपकरण तक पहुँचाने के लिए होता है। उदाहरण के तौर पर कुछ आउटपुट उपकरणों के नाम, कार्य एवं उनके उपयोगो के बारे में जानकारी दी गई है।

Monitor

मॉनिटर, डाटा और सूचनाओं को वीडियो आउटपुट के रूप में प्रदर्शित करता है एवं कंप्यूटर पर किए जाने वाले प्रत्येक कार्य की जानकारी मॉनिटर पर प्रदर्शित होती हैै, इसे (VDU) विजुअल डिस्प्ले यूनिट भी कहा जाता है। यह एक सॉफ्ट कॉपी आउटपुट डिवाइस हैं। और इसके प्रकार है : LCD (Liquid Crystal Display), LED(Light Emitting Diode) और CRT(Cathode Ray Tube).

Printer

यह Hard copy और Permanent copy प्रदान करने वाला आउटपुट डिवाइस है। पेपर आउटपुट प्राप्त करने के लिए तथा फोटोकॉपी के लिए प्रिंटर का उपयोग किया जाता है। इस आउटपुट डिवाइस को यूएसबी पोर्ट द्वारा सिस्टम यूनिट से जोड़ा जाता है। Printer के प्रकार है : Dot Matrix Printer, Thermal Printer, Inkjet Printer और Laser Printer.

Plotter

प्लॉटर एक मशीन है। यह प्रिंटर की तरह हार्ड कॉपी प्रदान करने वाला एक आउटपुट डिवाइस है, जिसका उपयोग बड़े कागज पर रेखा चित्र एवं ग्राफ प्रिंट करने के लिए किया जाता है। भवन निर्माण, घर निर्माण, इंजीनियरिंग, सिटी प्लानिंग एवं मानचित्र बनाने के लिए प्लॉटर का उपयोग किया जाता है। Plotter दो प्रकार के होते है Drum Plotter और Flatbed Plotter.

Speaker

यह आवाज/ध्वनि के रूप में आउटपुट की सॉफ्ट कॉपी प्रस्तुत करता है जिसका प्रयोग मल्टीमीडिया के साथ किया जाता है। स्पीकर का उपयोग करने के लिए सिस्टम यूनिट में साउंड कार्ड का होना जरूरी है। संगीत सुनने के लिए एवं वीडियो देखने के लिए स्पीकर का उपयोग किया जाता है। इस डिवाइस को 3.5 एमएम जैक द्वारा सिस्टम यूनिट से जोड़ा जाता है।

Projector

यह कंप्यूटर स्क्रीन पर चलने वाले प्रदर्शन और सूचनाओं को बड़े पर्दे पर प्रदर्शित करता है। ट्रेनिंग, मीटिंग, कॉन्फ्रेंस एवं डिजिटल प्रेजेंटेशन के लिए इसका उपयोग किया जाता है। प्रोजेक्टर द्वारा ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कंप्यूटर की सूचनाओं को दिखाया जा सकता है। यह सॉफ्ट कॉपी प्रदान करने वाला आउटपुट डिवाइस है।

Headphone

इस आउटपुट डिवाइस में दो छोटे स्पीकर मौजूद होते हैं, जिन्हें कान के काफी पास लगाकर रखा जाता है। इसे 3.5 एमएम जैक द्वारा कंप्यूटर से जोड़ा जाता है, इस डिवाइस को इयरफोन भी कहते हैं। ध्वनि प्राप्त करने के लिए एवं संगीत सुनने के लिए इसका उपयोग किया जाता है।

Video card

वीडियो कार्ड एक हार्डवेयर आउटपुट डिवाइस है जिसका उपयोग कंप्यूटर में किया जाता है। वीडियो कार्ड के द्वारा high-resolution वीडियो डिस्प्ले पर प्राप्त की जाती है। इस हार्डवेयर कंपोनेंट को कंप्यूटर के मदरबोर्ड पर स्थापित किया जाता है तथा HDMI केबल द्वारा मॉनिटर से जोड़ा जाता है।

Sound card

कंप्यूटर में स्पीकर और हेडफ़ोन का उपयोग करने के लिए साउंड कार्ड का उपयोग किया जाता है, यह ध्वनि उपकरणों को सॉफ्ट कॉपी आउटपुट प्रदान करता है। इसे कंप्यूटर के मदरबोर्ड में स्थापित किया जाता है तथा 3.5 एमएम जैक द्वारा साउंड डिवाइस से जोड़ा जाता है।

GPS

GPS का पूरा नाम Global Positioning System हैं। यह लोकेशन बताने वाला आउटपुट डिवाइस है। स्मार्टफोन तथा ट्रैकिंग डिवाइस के अंदर जीपीएस का इस्तेमाल किया जाता है, इस डिवाइस के द्वारा लोकेशन का पता लगाया जाता है।

Modem usb

इंटरनेट का उपयोग करने के लिए मॉडेम यूएसबी का इस्तेमाल किया जाता है, यह एक छोटा आउटपुट डिवाइस है, जिसे कंप्यूटर या लैपटॉप के यूएसबी पोर्ट में लगाया जाता है। मॉडम यूएसबी वायरलेस माध्यम से डाटा का संचार करता है।

इनपुट डिवाइस और आउटपुट डिवाइस में क्या अंतर है?

उपयोगकर्ता के अपने कंप्यूटर में कार्य करने के लिए इनपुट और आउटपुट डिवाइस के अलग-अलग उद्देश्य एवं उपयोग होते हैं।

इनपुट डिवाइस और आउटपुट डिवाइस के बीच मुख्य अंतर यह है की इनपुट डिवाइस वे हैं जिनका उपयोग हम कंप्यूटर में डेटा इनपुट यानि जानकारी दर्ज करने व आदेश देने के लिए करते हैं जैसे कि कीबोर्ड पर टाइप करना, माउस बटन पर क्लिक करना या कोई अन्य उपकरण हो सकता है जिसका उपयोग डेटा इनपुट करने के लिए किया जाता है।

जबकि आउटपुट डिवाइस वे हैं जिनका उपयोग हम यह देखने के लिए करते हैं कि कंप्यूटर में क्या दर्ज किया गया है व उन्हें दूसरे माध्यम से प्राप्त करने के लिए जैसे कि आपकी स्क्रीन पर टेक्स्ट देखना या आपके प्रिंटर से डाटा की हार्ड कॉपी प्राप्त करना। यह एक मॉनिटर, प्रिंटर, स्पीकर या कोई अन्य उपकरण हो सकता है जिसका उपयोग डेटा को आउटपुट करने के लिए किया जाता है।

FAQ

लोकप्रिय आउटपुट डिवाइस किसे कहा जाता हैं?

मॉनिटर एक प्रचलित और लोकप्रिय आउटपुट डिवाइस हैं।

डिवाइस जो आउटपुट और इनपुट दोनों ही है?

मॉडेम एक ऐसा हार्डवेयर डिवाइस है जो आउटपुट डिवाइस होने के साथ इनपुट डिवाइस भी है।

आउटपुट डिवाइस के नाम क्या है?

कंप्यूटर के आउटपुट उपकरणों के नाम है Monitor, Printer, Plotter, Speaker, Projector, Headphone, Video card, Sound card, GPS और Modem usb.

Leave a Comment